BSP में कॉपर स्क्रैप चोरी की कोशिश नाकाम, दो आरोपी गिरफ्तार
जंक्शन-12 के कोक ओवन क्षेत्र से 160 किलो कॉपर वायर चोरी कर ले जा रहे थे, 47 हजार की सामग्री जब्त

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट में दीवार फांदकर दाखिल हुए दो युवकों को कॉपर स्क्रैप चोरी करते हुए पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 160 किलो कॉपर वायर और घटना में प्रयुक्त स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 47 हजार रुपए बताई गई है। मामले में कुछ अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटना 12 अगस्त की रात करीब 11 बजे की है। भिलाई स्टील प्लांट के जंक्शन-12 के पास कोक ओवन क्षेत्र की गैलरी से करीब 160 किलो कॉपर वायर चोरी कर बाहर ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। प्लांट में तैनात सीआईएसएफ टीम ने चोरी के सामान के साथ लोकराम ध्रुव को पकड़ लिया। पूछताछ में लोकराम ने प्लांट की दीवार फांदकर अन्य साथियों के साथ अंदर प्रवेश करने और स्क्रैप चोरी करने की बात बताई। सीआईएसएफ की रिपोर्ट पर थाना भिलाई भट्ठी में अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम जोरातराई में दबिश देकर घनश्याम मण्डावी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से 160 किलो कॉपर वायर, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपए है, और करीब 7 हजार रुपए कीमत का एक स्मार्ट मोबाइल फोन जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकराम ध्रुव (36), निवासी बजरंग चौक, जोरातराई, थाना उतई, जिला दुर्ग और घनश्याम मण्डावी (31), निवासी बाजार चौक, देवांगन पारा, जोरातराई, थाना उतई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी BSP की सुरक्षा व्यवस्था को पार कर दीवार फांदकर प्लांट परिसर में दाखिल हुए थे। इसके बाद कोक ओवन क्षेत्र से कॉपर वायर चोरी कर बाहर ले जाने की कोशिश की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश के साथ विवेचना जारी है।
