दुर्ग पुलिस ने लौटाई 200 लोगों की मुस्कान, 60 लाख के गुम मोबाइल मालिकों को किए वापस

दुर्ग। दुर्ग पुलिस की सोशल पुलिसिंग पहल के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए 200 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटा दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।
शनिवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-6 दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद ही नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल कभी वापस मिलेगा।
पुलिस के अनुसार, मोबाइल गुम होने की शिकायत मिलने के बाद जिला साइबर सेल और संबंधित थाना पुलिस ने हर मामले का तकनीकी विश्लेषण किया। CEIR पोर्टल, तकनीकी ट्रैकिंग, दूरसंचार कंपनियों के सहयोग और अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय के जरिए मोबाइल फोन का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित बरामद किया गया। वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि यह अभियान सिर्फ गुम संपत्ति की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि सोशल पुलिसिंग के माध्यम से आम जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। अभियान में जिला साइबर सेल, सभी थाना-चौकी प्रभारियों, विवेचना अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत संबंधित थाना, साइबर सेल या CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही मोबाइल में स्क्रीन लॉक, पासवर्ड और बायोमेट्रिक सुरक्षा जैसी सुविधाओं का उपयोग करें, ताकि मोबाइल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
