भिलाई में बुजुर्ग महिला को नकली नोटों का बंडल थमाकर ₹72 हजार की ठगी

भिलाई में बुजुर्ग महिला को नकली नोटों का बंडल थमाकर ₹72 हजार की ठगी

भिलाई। पावर हाउस स्थित जवाहर मार्केट में एक बुजुर्ग महिला को नोटों के बंडल का लालच देकर ठगों ने करीब 72 हजार रुपये की चपत लगा दी। आरोपियों ने महिला को नकली नोटों का बंडल थमाकर उसका सोने का मंगलसूत्र और नकद रुपये लेकर फरार हो गए।

छावनी थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता श्रीमती टी. चंद्रावती ने शिकायत दर्ज कराई कि 31 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 4 बजे वह जवाहर मार्केट में सब्जी खरीदने गई थीं। शंकर डेयरी के सामने एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे दुर्ग जाने का रास्ता पूछा। इसके कुछ देर बाद एक महिला और एक पुरुष उनके पास पहुंचे और खुद को बिलासपुर का निवासी बताते हुए कहा कि उनके सेठ ने उन्हें काम से निकाल दिया है और नागपुर जाने के लिए ₹2,000 की जरूरत है।

इसी दौरान एक आरोपी ने कपड़े में बंधा नोटों का बंडल निकालकर दिखाया, जिसके ऊपर ₹500 का नोट दिखाई दे रहा था। महिला को लगा कि पूरा बंडल ₹500 के नोटों से भरा है। आरोपियों ने कहा कि यदि वह अपना सोने का पुराना मंगलसूत्र दे दें तो बदले में पूरा नोटों का बंडल उन्हें दे दिया जाएगा।

आरोपियों की बातों में आकर महिला ने करीब ₹70 हजार कीमत का सोने का मंगलसूत्र उन्हें सौंप दिया। इसके बाद आरोपियों ने नागपुर जाने के नाम पर ₹2,000 नकद भी ले लिए और वहां से चले गए।

घर पहुंचकर जब महिला ने नोटों का बंडल खोला तो उसमें ऊपर केवल एक ₹500 का असली नोट था, जबकि बाकी सभी कागज के टुकड़े थे। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ और बेटे के साथ छावनी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।