नेवई पुलिस ने पकड़ा सीरियल साइकिल चोर, 6 चोरी की रेंजर साइकिल बरामद
दो माह में नेवई क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से साइकिल चोरी की वारदातों को देता था अंजाम, सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान

भिलाई। दुर्ग जिले की नेवई पुलिस ने पिछले दो माह से लगातार हो रही साइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 6 रेंजर साइकिल बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत ₹30 हजार बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को तेलगूपारा मरोदा टंकी निवासी आनंद पाटिल ने अपने पुत्र की रेंजर साइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों से पूछताछ की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान पवन जंघेल (32 वर्ष), निवासी लोधीपारा, वार्ड-16, खैरागढ़, जिला केसीजी के रूप में हुई। 27 जुलाई को पुलिस ने नेवई ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पिछले करीब दो माह के दौरान स्टेशन मरोदा बस्ती, बीआरपी कॉलोनी, मौहारी मरोदा, तेलगूपारा मरोदा सहित नेवई क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से 6 साइकिलें चोरी की थीं। उसकी निशानदेही पर सभी चोरी की साइकिलें बरामद कर जब्त कर ली गईं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
