हथखोज ट्रांसपोर्ट नगर में सड़क पर खड़े वाहन हटाने के निर्देश, दो दिन बाद होगी कार्रवाई
यातायात पुलिस ने ट्रांसपोर्टरों, मैकेनिकों और दुकानदारों के साथ बैठक कर अवैध पार्किंग व सड़क पर मरम्मत कार्य बंद करने की चेतावनी दी।

भिलाई। हथखोज स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में लंबे समय से बनी यातायात अव्यवस्था को दूर करने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग ने सोमवार को विशेष निरीक्षण और बैठक आयोजित की। इस दौरान ट्रांसपोर्ट संचालकों, वाहन मालिकों, दुकानदारों और मैकेनिकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मुख्य सड़क पर किसी भी प्रकार का वाहन खड़ा न करें और केवल निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें।
निरीक्षण में पाया गया कि भारी वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग, सड़क किनारे वाहनों की मरम्मत और दुकानों के सामने खड़े वाहनों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। इससे आम लोगों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में भी परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है।
बैठक में मैकेनिकों को भी निर्देशित किया गया कि वे सड़क पर वाहन खड़ा कर मरम्मत कार्य न करें। वाहन रिपेयरिंग केवल अपने निर्धारित परिसर के भीतर ही की जाए, ताकि यातायात सुचारु बना रहे।
यातायात पुलिस ने सभी ट्रांसपोर्ट संचालकों और मैकेनिकों को दो दिन के भीतर सड़क पर खड़े वाहनों और अन्य अवरोधों को हटाने के निर्देश दिए हैं। चेतावनी दी गई है कि तय समय सीमा के बाद यदि सड़क पर अवैध पार्किंग या मरम्मत कार्य मिलता है तो यातायात पुलिस और नगर निगम संयुक्त अभियान चलाकर मोटरयान अधिनियम एवं अन्य संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई करेंगे।
यातायात पुलिस ने नागरिकों, ट्रांसपोर्ट संचालकों और वाहन मालिकों से अपील की है कि वे सड़क को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त रखने में सहयोग करें, ताकि शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
