डी-मार्ट के पीछे गांजा बेचने की तैयारी में दो युवक गिरफ्तार, 3.140 किलो गांजा, स्कूटी और मोबाइल जब्त

डी-मार्ट के पीछे गांजा बेचने की तैयारी में दो युवक गिरफ्तार, 3.140 किलो गांजा, स्कूटी और मोबाइल जब्त

दुर्ग पुलिस के "एक युद्ध नशे के विरुद्ध" अभियान के तहत एसीसीयू और स्मृति नगर चौकी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 3 किलो 140 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक बिना नंबर की स्कूटी, दो मोबाइल फोन और गांजा सहित करीब ₹2.50 लाख का मशरूका जब्त किया गया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक स्मृति नगर स्थित डी-मार्ट के पीछे गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से 3.140 किलो गांजा, एक बिना नंबर की स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुष्कर जंघेल (18 वर्ष) और धीरज कुमार साहू उर्फ भविष्य साहू (18 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी स्कूटी के माध्यम से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में ग्राहक तलाशकर मौके पर ही गांजा बेचने की फिराक में रहते थे। दुर्ग पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।