भिलाई स्टील प्लांट में स्क्रैप लोहा चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 220 किलो स्क्रैप व स्कूटी जब्त

दीवार फांदकर साथियों के साथ करता था चोरी, सीआईएसएफ ने पकड़वाया, फरार आरोपियों की तलाश जारी

भिलाई स्टील प्लांट में स्क्रैप लोहा चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 220 किलो स्क्रैप व स्कूटी जब्त

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट परिसर में दीवार फांदकर स्क्रैप लोहा चोरी करने वाले एक आरोपी को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 220 किलोग्राम स्क्रैप लोहा, चोरी में प्रयुक्त स्कूटी और मोबाइल फोन सहित कुल 52,500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

भिलाई भट्ठी थाना पुलिस के अनुसार, 30 जून की रात करीब 8 बजे भिलाई स्टील प्लांट के केनाल गेट के पास बिना नंबर की स्कूटी में दो युवक 220 किलोग्राम स्क्रैप आयरन लेकर जा रहे थे। इस दौरान सीआईएसएफ की क्यूआरटी टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। कार्रवाई के दौरान स्कूटी के पीछे बैठा एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सोनू नायक (25 वर्ष), निवासी क्रॉस स्ट्रीट-4, क्वार्टर नं. 10-सी, सेक्टर-5 भिलाई के रूप में बताई। उसने अपने अन्य साथियों के साथ भिलाई स्टील प्लांट की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश कर स्क्रैप लोहा चोरी करने की बात स्वीकार की। सीआईएसएफ की रिपोर्ट के आधार पर थाना भिलाई भट्ठी में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 220 किलोग्राम स्क्रैप आयरन, चोरी में प्रयुक्त एक स्कूटी और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 52,500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।