नकली सोने का हार देकर 10 लाख की ठगी, खजाना मिलने की कहानी सुनाकर कारोबारी को बनाया शिकार
मां-बेटे नकद रकम लेकर फरार; ज्वेलर की जांच में खुली पोल

रायपुर। ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सस्ते दाम में सोना खरीदने के लालच में एक कारोबारी 10 लाख रुपये गंवा बैठा।
आरोपियों ने दावा किया कि खुदाई के दौरान उन्हें पीतल के लोटे में करीब दो किलो वजनी सोने का हार मिला है। भरोसा दिलाने के लिए उन्होंने हार के छोटे-छोटे टुकड़े जांच के लिए दिए, जो जांच में असली सोना निकले। लगातार असली नमूने मिलने के बाद कारोबारी को यकीन हो गया कि पूरा हार भी सोने का ही है।

23 जून को रायपुरा क्षेत्र में कार के भीतर सौदा तय हुआ। कारोबारी ने 10 लाख रुपये नकद दिए और बदले में कथित दो किलो वजनी हार ले लिया। रकम मिलते ही आरोपी मां-बेटे वहां से निकल गए और ई-रिक्शा के जरिए फरार हो गए।
बाद में जब हार की जांच अलग-अलग ज्वेलर्स से कराई गई तो संदेह पैदा हुआ। विस्तृत परीक्षण में पूरा हार नकली निकला। इसके बाद पीड़ित कारोबारी ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने राजेश प्रजापति और उसकी मां के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और दोनों की तलाश जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कीमती वस्तु की खरीद-बिक्री से पहले उसकी प्रमाणिकता और दस्तावेजों की पूरी जांच जरूर करें।
