भिलाई की सॉस फैक्ट्री पर खाद्य विभाग का छापा, जांच के लिए भेजे गए सैंपल
वेजिटेबल सॉस में सब्जियों के पाउडर, फ्लेवर और फूड कलर का इस्तेमाल




भिलाई। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने भिलाई के फरीदनगर स्थित एक सॉस निर्माण इकाई पर छापामार कार्रवाई करते हुए वेजिटेबल सॉस के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। विभाग को उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

अभिहित अधिकारी जितेन्द्र नेले के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋचा शर्मा और उनकी टीम ने फरीदनगर में संचालित जीएफ फूड प्रोडक्ट कंपनी का निरीक्षण किया। यह इकाई मो. गुलाम द्वारा संचालित की जा रही है, जहां वेजिटेबल सॉस का निर्माण किया जाता है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उत्पादों की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया की जांच की तथा सॉस के नमूने एकत्रित किए।

प्राथमिक जांच में सॉस निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री को लेकर कई तथ्य सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे वेजिटेबल सॉस में सब्जियों के रूप में आलू, प्याज समेत अन्य सामग्री के पाउडर का उपयोग किया जा रहा था। वहीं टमाटर का स्वाद देने के लिए टमेटो केचप फ्लेवर और सॉस को आकर्षक लाल रंग देने के लिए फूड कलर का इस्तेमाल भी किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सैंपलों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उत्पाद निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप है या नहीं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
