NEET पुनर्परीक्षा से पहले टेलीग्राम पर अस्थायी रोक, केंद्र के फैसले का NTA ने किया स्वागत
21 जून को होने वाली NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए 22 जून तक प्रतिबंध; फर्जी पेपर लीक और अफवाहों पर लगेगी रोक

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 की पुनर्परीक्षा से पहले मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार भारत में टेलीग्राम की सेवाओं पर 22 जून 2026 तक अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है। इस फैसले का राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने स्वागत किया है।

एनटीए के अनुसार यह कदम 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा की सुरक्षा, निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। एजेंसी का मानना है कि टेलीग्राम और अन्य माध्यमों से फैलने वाली फर्जी प्रश्नपत्र लीक की खबरों, अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगाने में यह निर्णय मददगार होगा। हाल के दिनों में सोशल मीडिया और टेलीग्राम चैनलों पर NEET पुनर्परीक्षा के प्रश्नपत्र बेचने और लीक होने के दावे सामने आए थे। एनटीए ने इन दावों को झूठा और भ्रामक बताते हुए कई मामलों को साइबर क्राइम एजेंसियों को जांच के लिए भेजा था।

एनटीए ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से सरकार और एजेंसी द्वारा कई अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी लागू किए गए हैं। परीक्षा से पहले फर्जी पेपर लीक और धोखाधड़ी के मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। एनटीए ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक माध्यमों से जारी जानकारी को ही सही मानें। एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि पुनर्परीक्षा 21 जून को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी।
