वाहन बेचने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। वाहन विक्रय और स्वामित्व हस्तांतरण के नाम पर कथित धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को पद्मनाभपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 316(2) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने अपने परिजन के नाम पंजीकृत वाहन को बेचने के लिए एक निजी वाहन क्रय-विक्रय प्लेटफॉर्म का सहारा लिया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वाहन के बिक जाने की जानकारी तो दी गई, लेकिन वाहन के स्वामित्व हस्तांतरण, स्क्रैप प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। साथ ही वाहन की वर्तमान स्थिति के संबंध में भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, जिससे शिकायतकर्ता को आर्थिक नुकसान हुआ।

मामले की जांच के दौरान आवेदन, दस्तावेजों और उपलब्ध तथ्यों का परीक्षण किया गया। जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी और छलपूर्वक कृत्य किए जाने के साक्ष्य मिलने पर आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय कुमार पटेल (44 वर्ष) निवासी शिव विहार कॉलोनी, अमानाका, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वाहन विक्रय से संबंधित दस्तावेज एवं अभिलेख जब्त किए हैं। मामले की विवेचना जारी है।
