समर कैंप का भव्य समापन, बच्चों और महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा

समर कैंप का भव्य समापन, बच्चों और महिलाओं ने दिखाई प्रतिभा

भिलाई। रिसाली नगर निगम के वार्ड क्रमांक 23 प्रगति नगर स्थित ठेठवार भवन में नृत्य कला मंदिर द्वारा आयोजित समर कैंप का भव्य समापन समारोह प्रगति भवन सिविक सेंटर में उत्साह और गरिमामय माहौल के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और क्षेत्रवासियों ने भाग लिया।

समर कैंप के दौरान प्रतिभागियों को डांस, पेंटिंग, कुकिंग, रैंप वॉक और महिला जागरूकता जैसे विभिन्न रचनात्मक एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े प्रशिक्षण दिए गए। बच्चों और महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ गतिविधियों में हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में प्रतिभागियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। डांस, पेंटिंग प्रदर्शनी, कुकिंग प्रदर्शन, रैंप वॉक और "बेटियां" थीम पर आधारित फैशन शो विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। फैशन शो के निर्णायक दीपक सिंह और तुषार पटेल (मिस्टर सेंट्रल इंडिया 2024) रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मनीष पाण्डेय, विशेष अतिथि रजनी बघेल तथा अति विशिष्ट अतिथि नरेंद्र बंछोर, मानसी गुलाटी, डॉ. दीप्ती राठौर, पार्षद वीना चंद्राकर और सामाजिक कार्यकर्ता तेजेस्वरी सोनवानी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वार्ड 23 के पार्षद धर्मेंद्र भगत ने कहा कि बच्चों और महिलाओं की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना समाज के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे आयोजनों से प्रतिभाओं को निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिलता है। उन्होंने भविष्य में भी वार्ड में इस तरह के रचनात्मक एवं जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही तथा सफल आयोजन के लिए नृत्य कला मंदिर की संचालिका रानी नंदनी को धन्यवाद दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और क्षेत्रवासियों ने समर कैंप की सराहना करते हुए इसे बच्चों और महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी पहल बताया। आयोजन को सफल बनाने में प्रशिक्षकों, आयोजन समिति, अभिभावकों और सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।