चौहान टाउन से जुनवानी चौक तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, निगम ने हटाए अवैध कब्जे

चौहान टाउन से जुनवानी चौक तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, निगम ने हटाए अवैध कब्जे

भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई ने शहर को अतिक्रमण मुक्त और यातायात सुगम बनाने के उद्देश्य से एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जोन-1 नेहरू नगर क्षेत्र में चौहान टाउन से शासकीय शाला जुनवानी चौक तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जोन राजस्व विभाग, बेदखली दस्ता और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों, अस्थायी दुकानों और यातायात में बाधा बनने वाले वाहनों को हटाया। टीम ने पूरे मार्ग का निरीक्षण कर सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए टीन-शेड, गुमटियां, दुकान विस्तार और अन्य अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया। साथ ही संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई। निगम अधिकारियों के अनुसार कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान सड़क तक फैला रखा था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। वहीं लंबे समय से सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण भी यातायात प्रभावित हो रहा था। अभियान के दौरान ऐसे वाहनों को हटवाकर मार्ग को व्यवस्थित किया गया।

निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों, नालियों और शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर की यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नियमित रूप से अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से स्वयं आगे आकर अतिक्रमण हटाने तथा सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। अभियान के बाद क्षेत्र की सड़कें अधिक चौड़ी और व्यवस्थित नजर आईं। स्थानीय नागरिकों ने भी निगम की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाने की मांग की है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।