अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह का मास्टरमाइंड रिमांड पर, ताला-लॉकर तोड़ने के खास औजार और एक्टिवा बरामद

अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह का मास्टरमाइंड रिमांड पर, ताला-लॉकर तोड़ने के खास औजार और एक्टिवा बरामद

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में हुई बहुचर्चित चोरी की घटनाओं की जांच में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह के मुख्य आरोपी मोहम्मद नासिर हुसैन उर्फ आनस खान को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें कई अहम खुलासे हुए हैं। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की वारदातों में इस्तेमाल किए जाने वाले विशेष औजार और एक एक्टिवा वाहन बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी और उसके साथी बंद मकानों, फ्लैटों तथा आवासीय परिसरों की रेकी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। घरों के मुख्य दरवाजे, अलमारी, लॉकर और ताले तोड़ने के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए उपकरणों का उपयोग किया जाता था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार रायपुर स्थित मेकाहारा परिसर की मोटरसाइकिल पार्किंग में खड़ी एक्टिवा की सीट के नीचे छिपाकर रखे गए थे। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वहां से विभिन्न प्रकार के पाना, पेचकस, कटर, लोहे की रॉड सहित ताला और लॉकर तोड़ने के विशेष उपकरण बरामद किए।

जांच में यह भी सामने आया कि कुछ खास औजार आरोपी ने एक लोहार से विशेष रूप से तैयार करवाए थे, जिनका उपयोग सुरक्षा ताले, अलमारियां और लॉकर तोड़ने में किया जाता था।

पुलिस ने चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की जा रही एक्टिवा क्रमांक CG 10 AG 4136 भी जब्त कर ली है। आरोपी और उसके साथी इसी वाहन से रायपुर से भिलाई-दुर्ग पहुंचकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे और फिर वापस लौट जाते थे।

पूछताछ और आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर पता चला है कि आरोपी भोपाल, गोविंदपुरा, कोहेफिजा, इंदौर के पलासिया, चंडीगढ़ सहित कई शहरों में चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वाले आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है तथा लाखों रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है। मामले में फरार आरोपियों और अन्य चोरी की संपत्ति की तलाश जारी है।

दुर्ग पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना, सतत निगरानी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर इस अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले की विवेचना अभी जारी है।