मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न वाली दो बुलेट जब्त, वाहन मालिकों पर केस दर्ज

मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न वाली दो बुलेट जब्त, वाहन मालिकों पर केस दर्ज

भिलाई। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर सुपेला पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाकर बुलेट चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने दो बुलेट वाहनों को जब्त कर वाहन मालिकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार 29 मई 2026 को थाना सुपेला क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान दो बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 BJ 9566 और CG 07 CE 3731 तेज आवाज और पटाखे जैसी ध्वनि निकालते हुए आती दिखाई दीं। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर वाहन चालकों ने वाहन नहीं रोका, जिसके बाद उनका पीछा कर रोका गया।

जांच में दोनों वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगे पाए गए। इसके अलावा चालक बिना हेलमेट के वाहन चला रहे थे। दस्तावेजों और लाइसेंस की जांच के दौरान पता चला कि वाहन चालक नाबालिग हैं और उनके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था।

पुलिस ने वाहन मालिक जमशेद अहमद और शमशेर अहमद के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए इस्तगासा क्रमांक 484 और 485/2026 दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।

सुपेला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन में अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और सड़क सुरक्षा भी प्रभावित होती है।