पोटिया कला के शासकीय स्कूल में लगी आग

दुर्ग। पोटिया कला स्थित एक शासकीय स्कूल के प्रिंसिपल कक्ष में शुक्रवार रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना रात करीब 8:46 बजे की है, जिसकी सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन दल तत्काल मौके के लिए रवाना हुआ।

मौके पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि प्रिंसिपल के कमरे से तेज लपटें और धुआं निकल रहा है। अग्निशमन कर्मियों ने बिना देर किए भीतर घुसकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से कमरे में रखे महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेज सुरक्षित बचा लिए गए।

फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र में मामले की जानकारी दर्ज कर आगे जांच की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में अग्निशमन दल प्रभारी महेंद्र चंदेल के नेतृत्व में कर्मचारी हीरामन, राजेश, कमलेश और तामेश्वर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


