IPL सट्टा गिरोह का भंडाफोड़: 16 आरोपी गिरफ्तार, कई राज्यों और नेपाल तक फैला नेटवर्क

IPL सट्टा गिरोह का भंडाफोड़: 16 आरोपी गिरफ्तार, कई राज्यों और नेपाल तक फैला नेटवर्क

बलौदाबाजार। आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का बलौदाबाजार पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह नेटवर्क देश के कई राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल तक फैला हुआ था और किराए के मकानों से सट्टा संचालित किया जा रहा था।

इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने किया। पुलिस के मुताबिक, 4 अप्रैल 2026 को भाटापारा रेलवे स्टेशन के पास अजय बतरा को आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया था। उसके पास से एक मोबाइल फोन, 5,780 रुपए नगद और सट्टेबाजी से जुड़े कई स्क्रीनशॉट मिले थे। प्रारंभिक पूछताछ और मोबाइल की तकनीकी जांच में “RUVIBET” पैनल आईडी के जरिए चल रहे बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि इस नेटवर्क का संचालन हिमाचल प्रदेश से किया जा रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट के आधार पर हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवानू में दबिश दी। वहां एक किराए के मकान में चल रहे सट्टा केंद्र का भंडाफोड़ कर 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में उत्तरप्रदेश, पंजाब, हरियाणा, नेपाल और छत्तीसगढ़ के लोग शामिल हैं। मौके से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त किया गया है, जिसमें 7 लैपटॉप, 2 आईपैड, 48 मोबाइल फोन, 9 एटीएम कार्ड और 2 बैंक खाते शामिल हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 50 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी “RUVIBET” पैनल आईडी के जरिए अलग-अलग ब्रांच बनाकर पूरे देश में सट्टा नेटवर्क चला रहे थे। यह एक संगठित सिस्टम था, जिसमें अलग-अलग राज्यों में बैठे लोग तकनीकी माध्यम से जुड़े हुए थे। पुलिस ने इस मामले में पहले से दर्ज अपराध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराएं जोड़ दी हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। वहीं, इस गिरोह के मास्टरमाइंड और अन्य फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की सूची में अंकित राज (हरियाणा), सदाम हुसैन (अंबिकापुर), लवप्रित सिंह (पंजाब), अजिबुल रहमान (बैकुंठपुर), अनिकेत त्यागी (उत्तरप्रदेश), दीपक चौहान (मुरादाबाद), रमन कुमार (पठानकोट), मुकेश सोनी (गौड़ा), राकेश कुमार (पठानकोट), मनु (पठानकोट), करणदीप सिंह (पंजाब), दीपक कुमार पौडेल (नेपाल), रितिक कुमार (पठानकोट), राहुल सरमाल (पठानकोट), शिवम (पठानकोट) और गुलशन कुमार (पठानकोट) शामिल हैं।