भिलाई सुसाइड केस में बड़ी कार्रवाई, कांग्रेस नेता राजू पाल गिरफ्तार, सुसाइड नोट से खुला राज

भिलाई के कोहका हाउसिंग बोर्ड इलाके में हुए आत्महत्या मामले में पुलिस ने अहम कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी और कांग्रेस नेता राजू पाल को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में सुसाइड नोट ने पूरे घटनाक्रम की परतें खोल दी हैं।

मामला स्मृतिनगर पुलिस चौकी क्षेत्र का है, जहां 28 मार्च को 42 वर्षीय मोहन रामटेके ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें मोहन ने अपनी मौत के लिए राजू पाल और एक महिला को जिम्मेदार ठहराया था। भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के मुताबिक, जांच में सामने आया कि मोहन ने आरोपियों से कुछ रकम उधार ली थी। पैसे वापस मांगने को लेकर दोनों उसे लगातार परेशान कर रहे थे। उस पर दबाव बनाया जा रहा था और झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी जा रही थी।

सुसाइड नोट में मोहन ने साफ लिखा कि वह मानसिक प्रताड़ना से बुरी तरह टूट चुका था और लगातार दबाव के चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने पहले मर्ग कायम कर पूरे मामले की बारीकी से जांच की। सुसाइड नोट की लिखावट और गवाहों के बयान की पुष्टि के बाद एफआईआर दर्ज की गई और आरोपी राजू पाल को गिरफ्तार कर लिया गया।
