रिश्तों का खौफनाक कत्ल, संपत्ति के लिए भाई ने ही कराई हत्या, 15 आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली जिले में सेवानिवृत्त लेखापाल की हत्या ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। इस सनसनीखेज मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि हत्या की साजिश किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि मृतक के अपने सगे भाई और परिजनों ने ही रची थी।

मामला लालपुर थाना क्षेत्र का है, जहां सेवानिवृत्त लेखापाल दामोदर सिंह राजपूत अचानक लापता हो गए थे। उनकी तलाश के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और “त्रिनयन ऐप” की मदद से संदिग्ध वाहन की पहचान की, जिसके बाद जांच ने रफ्तार पकड़ी और पूरा षड्यंत्र सामने आ गया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने पहले दामोदर और उनके बेटे के बीच चल रहे विवाद का फायदा उठाया। इसके बाद उन्होंने दामोदर को बेटे से जान का खतरा बताकर उनकी करोड़ों की संपत्ति अपने नाम करवा ली। बेटे को पूरी तरह अलग करने के लिए फर्जी दस्तावेज भी तैयार किए गए।

योजना के तहत घटना वाले दिन आरोपियों ने दामोदर सिंह को सुनसान रास्ते में रोका और गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को दूसरे जिले के जंगल में ले जाकर दफना दिया गया, ताकि कोई सबूत न मिले। पुलिस को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने मृतक का मोबाइल प्रयागराज ले जाकर गंगा नदी में फेंक दिया, जिससे यह भ्रम फैले कि वह साधु बनकर कहीं चले गए हैं। इस पूरे मामले में पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 4 नाबालिगों को भी हिरासत में लेकर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। घटना में इस्तेमाल वाहन और सुपारी की रकम भी जब्त कर ली गई है।
