सोलर प्लांट में काम बंद कराने की धमकी, पिस्टल से फायरिंग

गुढियारी में निर्माण स्थल पर दहशत फैलाने वाला 52 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद

सोलर प्लांट में काम बंद कराने की धमकी, पिस्टल से फायरिंग

दुर्ग। ग्राम गुढियारी स्थित सोलर प्लांट निर्माण स्थल पर काम बंद कराने की धमकी देकर पिस्टल से फायरिंग करने के मामले में जामगांव (आर) पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अविचल अग्रवाल (52), निवासी टैगोर नगर, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त की दोपहर ग्राम गुढियारी स्थित सोलर प्लांट में बिसहत यादव (46) समेत अन्य कर्मचारी निर्माण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अविचल अग्रवाल अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर वाहन क्रमांक CG 04 LU 7326 से मौके पर पहुंचा। आरोप है कि उसने कर्मचारियों को निर्माण कार्य बंद करने की धमकी दी।

इसी दौरान विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने जमीन मालिक दीपक अग्रवाल को भी धमकाया और इसके बाद अपने साथियों के साथ वाहन से मौके से फरार हो गया।

देर रात घेराबंदी कर दबोचा

फायरिंग की सूचना मिलते ही जामगांव (आर) पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने उपलब्ध सूचना और अपने सूचना तंत्र के आधार पर आरोपी की पहचान की। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देने के बाद देर रात घेराबंदी कर अविचल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फायरिंग में इस्तेमाल एक पिस्टल बरामद की है। आरोपी को 17 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को दो दिन का रिमांड मिला है। पुलिस मामले में आरोपी से आगे पूछताछ कर रही है।

निर्माण कार्य बंद कराने को लेकर था विवाद

प्रारंभिक पूछताछ में निर्माण कार्य बंद कराने को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने साथियों के साथ सोलर प्लांट पहुंचा और कर्मचारियों को काम बंद करने की धमकी दी। विवाद के दौरान पिस्टल से फायरिंग कर भय का माहौल बनाया गया और जमीन मालिक को भी धमकाया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज किया है। बरामद पिस्टल के संबंध में भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।