नशेड़ी ड्राइवर्स पर सख्ती: एक रात में 159 पर कार्रवाई, टूटा पुराना रिकॉर्ड

रायपुर। सड़क पर छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसी गंभीरता को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने 29 मार्च की देर रात शहर के 8 अलग-अलग स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

यह अभियान पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और यातायात एवं प्रोटोकॉल के पुलिस उपायुक्त विकास कुमार के मार्गदर्शन में सभी यातायात थाना प्रभारियों की टीम द्वारा एक साथ संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान महज 3 से 4 घंटे में 159 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े गए। यह एक ही अभियान में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। इससे पहले एक अभियान में अधिकतम 154 प्रकरण दर्ज किए गए थे।

आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2026 में अब तक नशे में वाहन चलाने के कुल 1,580 प्रकरणों में कार्रवाई हो चुकी है, जो कि पूरे वर्ष 2025 के 1,537 मामलों से भी ज्यादा है। यातायात पुलिस का साफ कहना है कि यह कार्रवाई सिर्फ आंकड़े बढ़ाने के लिए नहीं की जा रही है। इसका मकसद सड़क हादसों को रोकना, लोगों को गंभीर चोटों से बचाना और हर नागरिक की जान सुरक्षित रखना है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें और जिम्मेदार नागरिक बनकर सड़क सुरक्षा में सहयोग करें।
