दुर्ग पुलिस की कार्रवाई: अफीम तस्करी मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, डोडा और 1.29 लाख नकद बरामद

दुर्ग पुलिस की कार्रवाई: अफीम तस्करी मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, डोडा और 1.29 लाख नकद बरामद

दुर्ग। अवैध अफीम तस्करी के मामले में दुर्ग पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलगांव थाना क्षेत्र में दर्ज प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 304 ग्राम अफीम डोडा और 1 लाख 29 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, ग्राम समोदा में अवैध अफीम की खेती के मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। पुलिस रिमांड के दौरान मुख्य आरोपी विकास बिश्नोई से पूछताछ में यह जानकारी मिली कि अफीम की खेती से तैयार डोडा को कुछ लोग खरीदकर अपने होटल और ढाबों में रखकर बेचते थे।

मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने बेमेतरा–सिमगा रोड स्थित ग्राम कठिया में श्री रामदेव होटल और राजस्थानी हाईवे ढाबा में रेड कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी रणछोड़ राम उर्फ रणजीत के होटल के कमरे से 304 ग्राम अफीम डोडा, 1 लाख 29 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

वहीं आरोपी सुनील देवासी के पास से अफीम डोडा को चुक्की बनाने में इस्तेमाल होने वाली मिक्सी और एक मोबाइल फोन जप्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

गिरफ्तार आरोपी रणछोड़ राम उर्फ रणजीत, उम्र लगभग 50 वर्ष और सुनील देवासी, उम्र लगभग 28 वर्ष, मूल रूप से राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं, जो फिलहाल बेमेतरा जिले के ग्राम कठिया में रह रहे थे।

इस कार्रवाई में एसीसीयू दुर्ग, थाना पुलगांव और चौकी जेवरा–सिरसा की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाश और आगे की जांच जारी है।

आरोपी का नाम :

1. रणछोड़ राम उर्फ रणजीत, उम्र लगभग 50 वर्ष, निवासी ग्राम कुड़ी, थाना कल्याणपुर, जिला बालोतरा (राजस्थान), हाल मुकाम ग्राम कठिया, जिला बेमेतरा (छत्तीसगढ़)

2. सुनील देवासी, उम्र लगभग 28 वर्ष, निवासी ग्राम कुड़ी, थाना कल्याणपुर, जिला बालोतरा (राजस्थान), हाल मुकाम ग्राम कठिया, थाना कोतवाली बेमेतरा (छत्तीसगढ़)