स्लम स्वास्थ्य योजना में गड़बड़ी, पूर्व CMO नरेश वर्मा पर FIR के निर्देश

स्लम स्वास्थ्य योजना में गड़बड़ी, पूर्व CMO नरेश वर्मा पर FIR के निर्देश

छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ से जुड़ी एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। कबीरधाम नगर पालिका में पदस्थ रहे तत्कालीन सीएमओ नरेश वर्मा पर शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना में वित्तीय अनियमितता के आरोपों को लेकर विभाग ने एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले विभाग ने नरेश वर्मा को निलंबित कर Urban Administration and Development Department, Chhattisgarh के तहत संयुक्त संचालक कार्यालय दुर्ग में अटैच किया था।

जानकारी के अनुसार State Urban Development Agency यानी सूडा की जून 2025 में हुई जांच में पाया गया कि मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत दवा खरीदी, वितरण और भुगतान प्रक्रिया में अनियमितताएं हुईं। इससे शासन को करीब 20 लाख 80 हजार 380 रुपये की वित्तीय हानि हुई। इसके लिए वर्मा के वेतन से वसूली का पत्र भी जारी किया गया था।

बाद में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा कराई गई विस्तृत जांच में यह भी सामने आया कि एमएमयू संचालन एजेंसी पर तय पेनाल्टी नहीं लगाए जाने से शासन को लगभग 25 लाख 91 हजार 500 रुपये का अतिरिक्त नुकसान हुआ। जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट में तत्कालीन सीएमओ नरेश वर्मा को अधिक भुगतान के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की थी। विभाग ने समिति की सिफारिश को स्वीकार करते हुए पहले नरेश वर्मा को निलंबित किया और 24 फरवरी को कवर्धा नगर पालिका के सीएमओ को उनके खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी कर दिए।