शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 88 चालक पकड़े गए, 25 चौक-चौराहों पर 24 घंटे चेकिंग






दुर्ग। होली पर्व के दौरान सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग ने जिले में विशेष सघन जांच अभियान चलाया। इस अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले 88 वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने 2 मार्च से 4 मार्च 2026 के बीच जिले के 25 संवेदनशील चौक-चौराहों पर 24 घंटे फिक्स प्वाइंट ड्यूटी लगाकर लगातार जांच अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने ब्रीथ एनालाइज़र के माध्यम से वाहन चालकों की जांच की, ताकि नशे में वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जा सके।

जांच के दौरान 88 वाहन चालक शराब का सेवन करने के बाद वाहन चलाते पाए गए। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए गए। पुलिस द्वारा इन मामलों को 6 मार्च 2026 को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

अभियान के दौरान पुलगांव चौक, पटेल चौक, ग्रीन चौक, जेल तिराहा, नेहरू नगर चौक, सेक्टर-9 चौक, 25 मिलियन चौक, अवंती बाई चौक, छावनी चौक, खुर्सीपार चौक, मुर्गा चौक, डीपीएस चौक और जुनवानी चौक सहित कई प्रमुख स्थानों पर लगातार चेकिंग की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सघन जांच और निगरानी के कारण होली के दिन जिले में किसी भी प्रकार की गंभीर सड़क दुर्घटना की सूचना नहीं मिली। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें।