होली से पहले दुर्ग पुलिस की सख्ती: 2 दिन में 121 आदतन आरोपी जेल भेजे गए






दुर्ग। होली पर्व से पहले जिला पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर बड़ी कार्रवाई की है। दो दिनों के भीतर 121 आदतन आरोपियों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत जेल भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, होली के दौरान कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। धारदार हथियार रखने वाले और पहले आपराधिक गतिविधियों में शामिल रह चुके लोगों पर निगरानी बढ़ाई गई है। संवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है।

1 मार्च 2026 को 97 आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। इससे पहले 28 फरवरी 2026 को 24 आरोपियों पर इसी धारा में कार्रवाई की गई थी। दोनों दिनों को मिलाकर कुल 121 लोगों को न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल किया गया।

थाना वार आंकड़ों पर नजर डालें तो जामुल में सबसे अधिक 15, मोहन नगर में 14 और पुरानी भिलाई व अंजोरा में 10-10 आरोपियों पर कार्रवाई हुई है। इसके अलावा दुर्ग, पाटन और उतई समेत अन्य थानों में भी कार्रवाई की गई है।