हत्या का फरार आरोपी लुकेश मैत्रे गिरफ्तार

हत्या का फरार आरोपी लुकेश मैत्रे गिरफ्तार

दुर्ग। नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम अरसनारा में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान लुकेश मैत्रे (19 वर्ष), निवासी ग्राम अरसनारा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे दुर्ग से पकड़ा है।

जानकारी के मुताबिक, 22 अक्टूबर की शाम आरोपी लुकेश ने गोवर्धन चौक, अरसनारा में आकाश निर्मलकर की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। हत्या की वजह पुरानी आपसी रंजिश बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

मृतक के पिता सुखदेव निर्मलकर (50 वर्ष) की रिपोर्ट पर थाना नंदिनी नगर में अपराध क्रमांक 270/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश के लिए नंदिनी नगर थाना और एसीसीयू की संयुक्त टीम बनाई। लगातार दबिश और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने लुकेश मैत्रे को दुर्ग से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह पुरानी रंजिश के चलते हत्या के फिराक में था और मौके पाकर वारदात को अंजाम दिया।

आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।