रायपुर सिलतरा हादसा: निर्माणाधीन प्लांट में सिल्ली गिरने से 6 मजदूरों की मौत, कई गंभीर, सीएम ने जताया शोक

रायपुर। राजधानी रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन प्लांट में अचानक कंक्रीट की सिल्ली गिरने से 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। इस घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस वक्त हुआ जब पिलेट्स बनाने वाली यूनिट में तेजी से काम चल रहा था। अचानक सिल्ली भरभराकर गिर गई और उसके नीचे काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसा इतना अचानक था कि मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ ही मिनटों में पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। जेसीबी और क्रेन की मदद से मलबा हटाया गया।
राहत कार्य में स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन का साथ दिया। कई मजदूरों को जीवित बाहर निकाला गया, जबकि 6 मजदूरों की मौत मलबे में दबने से हो चुकी थी। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए श्री नारायणा अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बिल्डर-ठेकेदार से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।