अपराधियों ने शादी समारोह में 7 लोगों को मारी गोली, दो की मौत, पांच गंभीर

भोजपुर। बिहार के भोजपुर में पूर्व से चले आ रहे विवाद के कारण एक शादी समारोह में अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की। इसमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच जुट गई। घटना रविवार रात अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के लहरपा गांव में हुई।
जानकारी के अनुसार रविवार देर रात दूल्हे की गाड़ी से साइड लेने को लेकर हुए विवाद में गांव के कुछ अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। मरने वालों में लहरपा गांव के सुरेंद्र यादव का 23 वर्षीय पुत्र लवकुश कुमार और संजय सिंह का 22 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार शामिल है। घायलों में पंकज कुमार (30 साल), अप्पू कुमार (18 साल) और अक्षय कुशवाहा (20 साल) समेत 5 लोग शामिल हैं। इन सभी का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है। भोजपुर एसपी राज और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रहे हैं।
भोजपुर आईटी सेल के डीएसपी सैफ मुर्तजा के अनुसार पूर्व के विवाद में गोलीबारी हुई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस सभी साक्ष्यों को एकत्रित कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि यह घटना पूर्व के विवाद को लेकर हुआ है। दो साल पहले मुखिया पुत्र बबलू सिंह को गोली मारकर जख्मी किया गया था, जिसके बाद आज इस घटना को बदले के रूप में अंजाम दिए जाने की शंका है। पुलिस का कहना है कि जिन दो लोगो की हत्त्या हुई है वह पूर्व में गोली मारकर जख्मी करने के मामले में जेल जा चुके हैं।