लाखों रुपए इनामी 7 नक्सलियों ने किया सरेंडर

लाखों रुपए इनामी 7 नक्सलियों ने किया सरेंडर

सुकमा। सुकमा जिले में 32 लाख रुपए इनामी 7 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इनमें एक दंपती भी शामिल है। 3 माओवादियों पर 8-8 लाख रुपए का इनाम है। ये तीनों नक्सलियों की बटालियन नंबर 1 के सदस्य हैं। नक्सली हिड़मा और देवा के साथ काम कर चुके हैं। जबकि अन्य 4 नक्सली 2-2 लाख रुपए के इनामी हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।

जानकारी के अनुसार आत्मसमर्पित नक्सलियों में रव्वा मूके उर्फ भीमे और हेमला हिड़मा एक ही टीम में काम करते थे। दोनों को एक-दूसरे से प्यार हुआ। फिर दोनों ने बड़े लीडरों से अनुमति ली और शादी कर ली। लेकिन नक्सली लीडर्स ने इन्हें बच्चे की इजाजत नहीं दी। ये दोनों अपना घर बसाना चाहते थे। इसलिए सरेंडर करने का मन बनाया। नक्सल संगठन में रहते ये दोनों इंसास जैसे हथियार चलाते थे। मीनपा, टेकलगुडेम में जवानों पर हमला कर करीब 38 जवानों की हत्या में शामिल थे। इन दोनों पर छ्त्तीसगढ़ पुलिस ने 8-8 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। दोनों ने अब हथियार डाल दिए हैं। इसके अलावा इन्हीं की टीम के एक और नक्सली बारसे सोना ने भी सरेंडर किया है। बारसे पर भी 8 लाख रुपए का इनाम घोषित है।

ये दक्षिण सब जोनल बस्तर ब्यूरो मोपोस टीम इंचार्ज, बटालियन नंबर 1 का राजनीति इंचार्ज और एसजेडसीएम सन्नू दादा का गार्ड था। कई बड़ी घटनाओं में भी शामिल रहा है। वहीं, उईका लालू, माड़वी कोसी, मड़कम हुंगा, मुचाकी बुधरा ने भी सरेंडर किया है। इन चारों पर 2-2 लाख रुपए कुल 8 लाख रुपए का इनाम घोषित है। सुकमा SP किरण चव्हाण ने कहा कि, सभी नक्सली बड़े कैडर्स के साथ काम कर चुके हैं। इनमें एक सरेंडर नक्सली माड़वी हिड़मा का गार्ड रह चुका है।