दुर्ग जिले में इस रेलवे कर्मचारी की फंदे पर लटकी मिली लाश, बहन ने पत्नी और बेटे पर लगाया हत्या का आरोप

भिलाई। गुरुवार को एक रेलवे कर्मी की फंदे पर लटकती लाश मिली है। वहीं मृतक की बहन सलोनी ने आरोप लगाया कि, उसके भाई की हत्या उसकी पत्नी और बेटे ने मिलकर की है। फिर शव को फंदे पर लटका दिया है। मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार पदुम नगर निवासी एन श्याम (56 साल) रेलवे में कर्मचारी थे। एन श्याम की बहन सलोनी ने कहा कि, भाई का उसके बेटे से घर में काफी झगड़ा हुआ था। जिससे उसे काफी चोटें भी आई थी। अधिक चोट लगने से उसकी मौत हुई है। इसके बाद उसके शव को मां-बेटे ने मिलकर फंदे पर टांग दिया। हत्या को खुदकुशी का रूप दिया जा रहा है।
सीएसपी हरीश पाटिल के अनुसार एन श्याम की पत्नी ने बताया कि बुधवार रात में वो पति को ऊपर के कमरे में खाना देने गई थी। उसने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से दरवाजा नहीं खुला। उसने सोचा की श्याम नाराज है। इसलिए दरवाजा नहीं खोल रहा है। इसके बाद वो नीचे आ गई। जब गुरुवार सुबह भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने खिड़की से देखने पर फंदे पर लटकता मिला। शुरुआती जांच में मामला खुदकुशी का लग रहा है। शव का पीएम हो चुका है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चल पाएगा।