50 साल पुराना तीन मंजिला मकान गिरा, महिलाओं और बच्चों समेत 9 लोगों की मौत

50 साल पुराना तीन मंजिला मकान गिरा, महिलाओं और बच्चों समेत 9 लोगों की मौत

मेरठ। बारिश के दौरान शनिवार को लोहिया नगर क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया। लगभग 50 साल पुराना तीन मंजिला मकान भरभरा कर गिर गया। इससे एक ही परिवार के 14 लोग और दर्जनों मवेशी मलबे के नीचे दब गए। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत नौ लोगों के शवों को निकाला जा चुका है। इनमें साजिद (40 साल) और उसकी पुत्री सानिया व रीजा और पुत्र साकिब समेत नौ लोगों की मौत हो गई। बताया गया कि मलबे में नफो का पूरा परिवार और डेयरी में पलने वाले लगभग 30 से अधिक मवेशी दब गए।

जानकारी के बाद थाना पुलिस से लेकर एडीजी ध्रुवकांत ठाकुर, आईजी नचिकेता झा, कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे, डीएम दीपक मीणा और एसएसपी विपिन ताडा सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची।

जाकिर कॉलोनी गली नंबर सात में 90 साल की बुजुर्ग महिला नफो उर्फ नफीस का 300 गज में तीन मंजिला मकान है। बताया जाता है कि यह मकान लगभग 50 साल पुराना है। मकान के ग्राउंड फ्लोर पर नफो के बेटे डेयरी चलाते थे। जबकि, ऊपर की दो मंजिलों पर नफो के बेटे साजिद पत्नी सायमा और नईम पत्नी अलीशा 5 वर्षीय बेटी रिमशा, नदीम पत्नी फरहाना, 2 वर्षीय बेटा हमजा, शाकिर पत्नी साहिबा समेत 15 लोग रहते थे।

इन लोगों की हुई मौत

1. साजिद (40 साल) पुत्र अलाउद्दीन 

2. साकिब (20 साल) पुत्र साजिद 

3. सानिया (15 साल) पुत्री साजिद 

4. रीजा (7 साल) पुत्री साजिद।

5. सिमरा (डेढ़ साल) पुत्री शहजाद

6. नफीसा (63 साल) उर्फ नफ्फो पत्नी अलाउद्दीन

7. फरहाना। वहीं दो की शिनाख्त नहीं हुई है।