मुठभेड़ में 2 नक्सली ढेर, हथियार और विस्फोटक सामान भी बरामद

मुठभेड़ में 2 नक्सली ढेर, हथियार और विस्फोटक सामान भी बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शुक्रवार की देर शाम पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। जवानों ने दो नक्सलियों को ढेर किया है। मारे गए नक्सलियों के शव समेत हथियार और विस्फोटक सामान भी बरामद कर लिया गया है।  जवानों ने नक्सलियों के कैंप को भी ध्वस्त कर दिया है। मामला जिले के बेदरे थाना क्षेत्र का है। 

हिंगमेंटा-लंका गांव के जंगलों में इंद्रावती क्षेत्र समिति के प्लाटून नंबर-16 के कमांडर मल्लेश, माड़ मंडल कंपनी नंबर-एक के कमांडर अरुण उर्फ रुपेश और लगभग 25 अन्य माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर डीआरजी बीजापुर और बेदरे थाना के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था।

उन्होंने बताया कि  शुक्रवार को शाम लगभग 5  बजे जब सुरक्षाबल के जवान हिंगमेंटा के जंगल में मौजूद थे तब नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।