SDM कार्यालय में ACB का छापा, 10 हजार की रिश्वत लेते बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार

जमीन डायवर्सन की फाइल आगे बढ़ाने मांगी थी 20 हजार की रिश्वत, 10 हजार में हुआ था सौदा

SDM कार्यालय में ACB का छापा, 10 हजार की रिश्वत लेते बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार

धमतरी। कुरुद स्थित एसडीएम कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कार्यालय में पदस्थ बाबू पुनेश्वर सूर्यवंशी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार जमीन डायवर्सन से संबंधित एक फाइल कुरुद एसडीएम कार्यालय में लंबित थी। आरोप है कि फाइल आगे बढ़ाने और डायवर्सन की प्रक्रिया पूरी कराने के एवज में बाबू ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बातचीत के बाद 10 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।

इसके बाद शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी ACB को दी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने कार्रवाई की योजना बनाई। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर बाबू के पास भेजा गया। जैसे ही पुनेश्वर सूर्यवंशी ने 10 हजार रुपये स्वीकार किए, पहले से तैनात ACB की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान ACB ने रिश्वत की रकम बरामद कर ली। इसके बाद टीम ने SDM कार्यालय में संबंधित दस्तावेजों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की। आरोपी बाबू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई ACB की जांच और कानूनी प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।