पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, फरार दोनों आरोपी गिरफ्तार

DPS चौक के पास पीछे से हमला कर वाहन से गिराया था, धारदार हथियार और डंडे से की थी मारपीट; मामले में पहले ही दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, फरार दोनों आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में भिलाई नगर पुलिस ने फरार चल रहे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल धारदार हथियार, डंडा और मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार घटना 2 जुलाई 2026 की है। प्रार्थी योगेश सूर्यवंशी सेक्टर-6 स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान DPS चौक के पास आरोपियों ने पीछे से उसका पीछा करते हुए हमला किया और उसे वाहन से गिरा दिया। इसके बाद धारदार हथियार और डंडे से मारपीट कर उसकी हत्या का प्रयास किया गया। घटना के पीछे पुराना विवाद और आपसी रंजिश सामने आई थी।

घटना की शिकायत के बाद थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 360/2026 दर्ज कर धारा 109(1), 296, 3(5), 61(2) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस को मिली मुखबिर सूचना और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस टीम ने तलाश कर प्रखर चंद्राकर (26), निवासी नेवई और सुधांशु उर्फ बॉम्सी (23), निवासी रिसाली को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक मामले में अमन मूर्ति और हरीश यादव को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं आरोपी प्रखर चंद्राकर के खिलाफ पूर्व में 12 आपराधिक प्रकरण दर्ज होना भी पुलिस जांच में सामने आया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक धारदार हथियार, एक डंडा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।