खम्हरिया में 15 ग्राम चिट्टा हेरोइन के साथ भिलाई का तस्कर गिरफ्तार, 3.70 लाख की जब्ती

खम्हरिया में 15 ग्राम चिट्टा हेरोइन के साथ भिलाई का तस्कर गिरफ्तार, 3.70 लाख की जब्ती

भिलाई। दुर्ग पुलिस के नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्मृतिनगर पुलिस चौकी को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 15 ग्राम चिट्टा (हिरोइन) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित मादक पदार्थ के अलावा एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 3 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक जुनवानी से खम्हरिया की ओर चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में जा रहा है। सूचना मिलते ही स्मृतिनगर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर ग्राम खम्हरिया क्षेत्र में घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो पैकेटों में कुल 15 ग्राम चिट्टा (हिरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया। बरामद चिट्टा की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है, जबकि मोबाइल सहित कुल जब्ती का मूल्य लगभग 3 लाख 70 हजार रुपये है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 21 वर्षीय हर्ष देव सिंह विज, निवासी शांतिनगर, सड़क क्रमांक 6/ए, भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1133/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत कार्रवाई की है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अवैध मुनाफा कमाने के उद्देश्य से चिट्टा अपने पास रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी यह मादक पदार्थ कहां से लाया था और इसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।