जर्जर सड़क और अतिक्रमण से परेशान व्यापारी व नागरिक, निगम से की तत्काल कार्रवाई की मांग
भिलाई के वार्ड-36 श्याम नगर लिंक रोड बाजार में जर्जर सड़क, अवैध अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से परेशान व्यापारियों और नागरिकों की ओर से शिवसेना (उद्धव बाला साहेब ठाकरे) ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर सड़क मरम्मत और अतिक्रमण हटाने की मांग की।

भिलाई। श्याम नगर वार्ड क्रमांक 36 स्थित लिंक रोड बाजार क्षेत्र में जर्जर सड़क, अवैध अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या को लेकर शिवसेना (उद्धव बाला साहेब ठाकरे) ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि वर्षों से सड़क की हालत खराब होने और लगातार बढ़ते अतिक्रमण के कारण आम नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया है कि पूर्व माध्यमिक शाला कैंप-2 के सामने से गुजरने वाली सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो बारिश के दौरान पानी से भर जाते हैं। इससे पैदल चलने वाले लोगों, दोपहिया वाहन चालकों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और स्कूली बच्चों के लिए आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
शिवसेना नेताओं ने आरोप लगाया कि सड़क किनारे दुकानों का अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। कई स्थानों पर 20 से 30 फीट चौड़ी सड़क सिमटकर केवल 5 से 8 फीट रह गई है। दुकानों के सामने ट्रक, माजदा, पिकअप और अन्य बड़े वाहन सड़क पर ही खड़े होकर लोडिंग और अनलोडिंग करते हैं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि बाजार क्षेत्र में आगजनी या अन्य कोई आपातकालीन स्थिति उत्पन्न होती है, तो फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और पुलिस वाहनों का समय पर घटनास्थल तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है। यह स्थिति कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
संगठन का कहना है कि बाजार के व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने पहले भी पार्किंग व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार प्रयास किए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लगातार बिगड़ती व्यवस्था के कारण ग्राहक बाजार आने से बचने लगे हैं, जिसका सीधा असर छोटे और बड़े व्यापारियों के कारोबार पर पड़ रहा है।
ज्ञापन में जवाहर मार्केट का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि कई दुकानदारों ने नालियों को पाटकर अपने आवंटित क्षेत्र से अधिक दुकानें बढ़ा ली हैं, जिससे सड़कें और संकरी हो गई हैं। संगठन ने नगर निगम से बाजार क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाने, सड़क की चौड़ाई बहाल करने और जर्जर सड़क का शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है।
यह ज्ञापन शिवसेना (उद्धव बाला साहेब ठाकरे) के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र यादव, भिलाई जिला अध्यक्ष राजू गुप्ता, जसवंत सिंह और संदीप हटवार सहित अन्य पदाधिकारियों ने नगर निगम आयुक्त को सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा।