शिवनाथ नदी में जन्मदिन की खुशियां मातम में बदली, 14 वर्षीय रेहान खान की डूबने से मौत; एक बालक की तलाश जारी

दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र स्थित शिवनाथ नदी में जन्मदिन मनाने गए 8 दोस्तों में से दो बालक तेज बहाव में बह गए। SDRF ने 14 वर्षीय रेहान खान का शव बरामद कर लिया है, जबकि दूसरे बालक की तलाश जारी है।

शिवनाथ नदी में जन्मदिन की खुशियां मातम में बदली, 14 वर्षीय रेहान खान की डूबने से मौत; एक बालक की तलाश जारी

दुर्ग। जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी-पीपरछेड़ी स्थित शिवनाथ नदी में शनिवार को जन्मदिन मनाने गए दोस्तों की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब नदी में नहाने के दौरान दो किशोर तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

एसडीआरएफ के अनुसार, आठ दोस्त जन्मदिन मनाने के लिए शिवनाथ नदी पहुंचे थे। इसी दौरान नहाते समय दो बालक गहरे पानी और तेज बहाव में बह गए। घटना की जानकारी कंट्रोल रूम के माध्यम से मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर रेस्क्यू टीम को तत्काल रवाना किया गया।

डीप डाइविंग कर निकाला शव

एसडीआरएफ की टीम ने नदी में गहरे पानी तक पहुंचकर डीप डाइविंग अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए पुलगांव पुलिस को सौंप दिया गया।

मृतक की पहचान रेहान खान (14 वर्ष), पिता नदीम खान, निवासी बॉम्बे आवास, उरला के रूप में हुई है।

दूसरे किशोर की तलाश जारी

रेस्क्यू टीम अभी भी दूसरे लापता बालक की तलाश में जुटी हुई है। नदी के आसपास लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस और एसडीआरएफ के जवान हर संभावित स्थान पर खोजबीन कर रहे हैं।

एसडीआरएफ की टीम ने संभाला मोर्चा

रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व प्रभारी धनीराम यादव ने किया। उनके साथ भूपेंद्र सिंह, चंद्रप्रताप, राजकुमार यादव, दिलीप, सूरज, राजू महानंद, महेश, रमेश, राजेश नेताम, कुंजेश, दिनेश, शारदा और भानुप्रताप सहित एसडीआरएफ के जवान अभियान में शामिल रहे।

पुलिस और एसडीआरएफ ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों में नहाने या गहरे पानी में जाने से बचें, क्योंकि तेज बहाव और बढ़े जलस्तर के कारण ऐसे हादसों का खतरा काफी बढ़ जाता है।