भिलाई में खुली नालियां बनीं जानलेवा, निगम आयुक्त से तत्काल मरम्मत और बैरिकेडिंग की मांग


भिलाई। नगर निगम भिलाई क्षेत्र में खुली नालियों और क्षतिग्रस्त पुलियों के कारण बढ़ते सड़क हादसों को लेकर नागरिकों ने निगम प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शहर के विभिन्न वार्डों में खुली नालियों को ढंकने, क्षतिग्रस्त पुलियों की मरम्मत कराने और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने की मांग की गई।
शिवसेना के भिलाई जिला अध्यक्ष राजू गुप्ता ने बताया कि खुर्सीपार जोन-4, सेक्टर-11, जोन-3, मदर टेरेसा नगर सहित कई क्षेत्रों में नालियों का निर्माण अधूरा और अव्यवस्थित है। अनेक स्थानों पर नालियां बिना ढक्कन के खुली पड़ी हैं, जबकि चौराहों और मोड़ों पर सुरक्षा दीवार या रेलिंग नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में हालात और गंभीर हो जाते हैं। जलभराव के कारण नालियां दिखाई नहीं देतीं, जिससे दोपहिया वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए यह स्थिति सबसे अधिक जोखिम भरी है।
ज्ञापन में बताया गया कि छावनी वार्ड-40 इंडस्ट्रीज एरिया से बापू नगर तीन तालाब जाने वाले मार्ग तथा राजीव नगर वार्ड-43 मोची मोहल्ला की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित पुलिया करीब एक वर्ष पहले धंसकर लगभग 10 फीट गहरी हो चुकी है। इसके बावजूद अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई है।
इसी तरह वार्ड-32 बैकुंठधाम से गार्डन पानी टंकी मार्ग पर वाधवा को-ऑपरेटिव के पहले चौराहे के पास खुली नाली भी दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार पानी के टैंकर के मुड़ने के दौरान कई स्कूली बच्चे यहां गिर चुके हैं। बरसात में पानी भर जाने से नाली की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है।
