11 जीवित कछुओं के साथ तस्कर गिरफ्तार

पखांजूर के साप्ताहिक बाजार में हो रही थी बिक्री, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज

11 जीवित कछुओं के साथ तस्कर गिरफ्तार

कांकेर। जिले के पखांजूर क्षेत्र में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 जीवित कछुओं के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बाजार में कछुओं की बिक्री कर रहा था। सूचना मिलते ही वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने छापेमारी कर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

वन विभाग के अनुसार, वन स्तरीय उड़नदस्ता दल ने ग्राम पीवी-124 के साप्ताहिक बाजार में कार्रवाई करते हुए दीपांकर राय, निवासी पीवी-117, को जीवित कछुओं की बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11 जीवित कछुए बरामद किए गए।

अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए सभी कछुओं का कुल वजन करीब 7 किलो 10 ग्राम है। वन विभाग ने सभी कछुओं को सुरक्षित कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की।

आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह पूरी कार्रवाई कापसी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत वन विभाग की उड़नदस्ता टीम द्वारा की गई। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीवों के अवैध शिकार, तस्करी या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।