पुलिस का विशेष अभियान शुरू, अवैध अप्रवासियों और संदिग्धों की सूचना देने की अपील
एसपी भावना पांडेय ने लॉन्च किया जनजागरूकता अभियान, टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी


धमतरी। जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने अवैध अप्रवासियों, किरायेदारों और संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय (IPS) के निर्देशन में शुरू हुए इस अभियान के तहत आम नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।
अभियान की शुरुआत पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने अपने शासकीय वाहन पर जनजागरूकता स्टीकर लगाकर की। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, उप पुलिस अधीक्षक मोनिका मरावी और डीएसपी मीना साहू ने भी अपने-अपने सरकारी वाहनों पर जागरूकता स्टीकर लगाकर अभियान को आगे बढ़ाया। पुलिस का उद्देश्य सरकारी वाहनों के माध्यम से सुरक्षा संबंधी संदेश आम लोगों तक पहुंचाना और नागरिकों को सुरक्षा व्यवस्था में सहभागी बनाना है।
एसपी कार्यालय में लगाए गए पोस्टर और पाम्पलेट
अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक कार्यालय धमतरी में किरायेदार सत्यापन, बाहरी व्यक्तियों के पुलिस सत्यापन, संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध अप्रवासियों की सूचना देने संबंधी पोस्टर और पाम्पलेट लगाए गए हैं। इससे कार्यालय आने वाले नागरिकों, मकान मालिकों, होटल-लॉज व धर्मशाला संचालकों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को आवश्यक जानकारी मिल सकेगी।
सभी थानों और पुलिस वाहनों तक पहुंचेगा अभियान
धमतरी पुलिस ने बताया कि जिले के सभी थाना और चौकी कार्यालयों में जागरूकता स्टीकर और पाम्पलेट भेजे जा रहे हैं। साथ ही सभी शासकीय पुलिस वाहनों पर भी इन्हें लगाया जाएगा, ताकि जिले के हर क्षेत्र में सुरक्षा और सतर्कता का संदेश लगातार पहुंचता रहे।
नागरिकों से सहयोग की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मकान किराये पर देने से पहले किरायेदार का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। होटल, लॉज, धर्मशाला और अन्य संस्थानों में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का रिकॉर्ड नियमानुसार संधारित करें।
यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध अप्रवासी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत टोल फ्री नंबर 1800-233-1905, डायल-112 या नजदीकी थाना-चौकी को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
"सतर्क नागरिक, सुरक्षित धमतरी"
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने कहा कि जिले की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें जागरूक नागरिकों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। जनसहयोग से ही संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है और जिले में सुरक्षित, शांतिपूर्ण तथा कानून-व्यवस्था वाला वातावरण बनाए रखा जा सकता है।
