छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल, दुर्ग जिले के 7 इंस्पेक्टरों का तबादला
सुपेला, जामुल, उतई और खुर्सीपार थाना प्रभारी बदले, दुर्ग को मिले 3 नए निरीक्षक

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस मुख्यालय रायपुर ने बुधवार रात 64 पुलिस निरीक्षकों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इस सूची में दुर्ग जिले के सात निरीक्षकों का अन्य जिलों में स्थानांतरण किया गया है, जबकि तीन नए निरीक्षकों की दुर्ग जिले में पदस्थापना की गई है।
जारी आदेश के अनुसार, सुपेला थाना प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज का तबादला कांकेर किया गया है। जामुल थाना प्रभारी रामेंद्र कुमार सिंह को कोंडागांव भेजा गया है, जबकि उतई थाना प्रभारी राजेश कुमार साहू को सुकमा में नई जिम्मेदारी मिली है।

इसके अलावा खुर्सीपार थाना में पदस्थ निरीक्षक आनंद शुक्ला का तबादला बीजापुर, ट्रैफिक शाखा में पदस्थ निरीक्षक मनीष शर्मा का दंतेवाड़ा किया गया है। निरीक्षक श्रद्धा पाठक (मिश्रा) और वंदिता पानिकर को भी कोंडागांव स्थानांतरित किया गया है।
वहीं दुर्ग जिले को तीन नए निरीक्षक मिले हैं। राकेश कुमार खुटेश्वर का नारायणपुर से, राजकुमारी पांडेय का कोंडागांव से और मो. तारीक हारिश का बस्तर से दुर्ग तबादला किया गया है। तीनों अधिकारियों को जल्द ही जिले में नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
पुलिस मुख्यालय की इस तबादला सूची को राज्य में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि दुर्ग जिले के प्रमुख थानों की नई कमान किन अधिकारियों को सौंपी जाती है।
