चाकू की नोक पर लूट का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल
भखारा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तूफान वाहन, चाकू, तीन मोबाइल और ₹30 हजार नकद बरामद

धमतरी। भखारा थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर नगदी और ऑनलाइन रकम लूटने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने कुछ ही समय में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तूफान वाहन, एक धारदार चाकू, तीन मोबाइल फोन और लूटी गई रकम में से 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई की रात करीब 10 बजे मनीष सोनवानी अपने पिता खम्मन सोनवानी के साथ छोटा हाथी वाहन से मवेशियों को ग्राम रिवागहन ले जा रहे थे। इसी दौरान दर्री और गुजरा गांव के बीच एक तूफान वाहन में सवार चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने मवेशी परिवहन को लेकर गाली-गलौज करते हुए पिता-पुत्र के साथ मारपीट की और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने 50 हजार रुपये नकद लूट लिए और क्यूआर कोड के माध्यम से 28,500 रुपये अपने बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर भी करा लिए। घटना की सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की लूट और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नागेंद्र साहू, नीरज ध्रुवंशी और विनय ध्रुवंशी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तूफान वाहन, धारदार चाकू, तीन मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नकद जब्त किए गए। मामले में शामिल विधि से संघर्षरत एक बालक को भी किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
*गिरफ्तार आरोपीगण :*
(01) नागेंद्र साहू
पिता - टेमन लाल साहू
उम्र - 19 वर्ष
निवासी - ग्राम भेंडरवानी, थाना भखारा, जिला धमतरी (छ.ग.)
(02) नीरज ध्रुवंशी
पिता - वेश लाल ध्रुवंशी
उम्र - 23 वर्ष
निवासी - ग्राम कसही, थाना भखारा, जिला धमतरी (छ.ग.)
(03) विनय ध्रुवंशी
पिता - भागीरथी ध्रुवंशी
उम्र - 24 वर्ष
निवासी - ग्राम कसही, थाना भखारा, जिला धमतरी (छ.ग.)
(04) एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक
(पहचान गोपनीय)
