शादी का झांसा देकर रिटायर्ड तकनीशियन से 9.50 लाख की ठगी, ओडिशा के 3 अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली के मैरिज ब्यूरो के जरिए बनाई पहचान, शादी और इलाज के नाम पर ऐंठी रकम, रायपुर पुलिस ने ओडिशा से दबोचा गिरोह

रायपुर। राजधानी रायपुर में शादी का झांसा देकर एक सेवानिवृत्त तकनीशियन से करीब 9.50 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और आजाद चौक थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ओडिशा के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी मनहरण टिकरिहा की पहचान दिल्ली के एक मैरिज ब्यूरो के माध्यम से खुद को कोरबा निवासी और रेलवे इंजीनियर से सेवानिवृत्त बताने वाली रजनी शर्मा नामक महिला से कराई गई थी। महिला ने शादी का प्रस्ताव देकर पहले विश्वास जीता और फिर पारिवारिक कार्यक्रम, दुर्घटना तथा इलाज जैसे अलग-अलग बहाने बनाकर 15 जून 2025 से 9 जनवरी 2026 के बीच विभिन्न बैंक खातों में कुल करीब 9.50 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।

रकम मिलने के बाद आरोपी महिला ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और संपर्क पूरी तरह समाप्त कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने थाना आजाद चौक में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना आजाद चौक की टीम ने तकनीकी जांच, मोबाइल नंबरों के विश्लेषण और बैंक खातों की ट्रांजैक्शन डिटेल के आधार पर आरोपियों की पहचान की। जांच में ओडिशा के कई लोगों की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस टीम बलांगीर पहुंची।
वहां से पुलिस ने जसवंत डूंडी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर मनोज राणा और यश नायक को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से मामले से जुड़े तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 111(1), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मामला दर्ज किया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह मैरिज ब्यूरो के जरिए लोगों से संपर्क कर फर्जी पहचान और भावनात्मक कहानियों के सहारे विश्वास जीतता था। इसके बाद शादी और अन्य जरूरतों का हवाला देकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम मंगवाकर ठगी को अंजाम देता था। पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है और पूछताछ में कई अन्य मामलों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी: जसवंत डूंडी, उम्र 27 वर्ष, जिला बलांगीर (ओडिशा) मनोज राणा, उम्र 33 वर्ष, जिला बलांगीर (ओडिशा) यश नायक, उम्र 20 वर्ष, जिला संबलपुर (ओडिशा)
