10 घंटे में 3 चोरी का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। उतई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के भीतर चोरी के तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए तीनों मोटर पंप और केबल वायर सहित करीब 37 हजार रुपये मूल्य का पूरा मशरूका बरामद कर जब्त किया है। पुलिस के अनुसार थाना उतई क्षेत्र के ग्राम पुरई में 26 और 27 जून 2026 के बीच अलग-अलग स्थानों से मोटर पंप और केबल वायर चोरी होने की तीन घटनाएं सामने आई थीं। इस संबंध में थाना उतई में अपराध क्रमांक 334/2026, 335/2026 और 336/2026 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए, मुखबिरों से सूचना ली और संदेहियों से पूछताछ की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने केवल 10 घंटे में तीनों मामलों का खुलासा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेतन लाल ओझा (26), शंकर साहू (24), सन्नी राजपूत (21), कृष राजपूत (19) और दुष्यंत साहू (24) के रूप में हुई है। सभी आरोपी ग्राम पुरई के शिवपारा वार्ड क्रमांक 17 के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एचपी सबमर्सिबल फ्लो कंपनी का मोटर पंप, एक एचपी सबमर्सिबल लुबी कंपनी का मोटर पंप व केबल वायर तथा 1.5 एचपी डीप बोर मोटर पंप और केबल वायर सहित कुल 37 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से सुनसान स्थानों पर लगे मोटर पंप और केबल वायर चोरी करते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
