सट्टा पट्टी लिखकर जुआ संचालन करने वाली महिला गिरफ्तार, नगदी और सट्टा सामग्री जब्त

सट्टा पट्टी लिखकर जुआ संचालन करने वाली महिला गिरफ्तार, नगदी और सट्टा सामग्री जब्त

दुर्ग। चौकी जेवरा सिरसा पुलिस ने अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम सिरसा खुर्द में सट्टा पट्टी लिखकर जुआ संचालन करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से नगदी रकम और सट्टा सामग्री जब्त की है। पुलिस के अनुसार 16 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिरसा खुर्द स्थित छोटे तालाब के पास एक महिला लोगों से सट्टा लेकर सट्टा पट्टी लिख रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए रेड कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान एक महिला सट्टा पट्टी लिखते हुए मिली। पूछताछ में उसने अपना नाम शेख ईद बी (42 वर्ष) निवासी सिरसा खुर्द, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से विभिन्न अंकों में लिखी 14 सट्टा पट्टियां, 4,900 रुपये नगद तथा एक डॉट पेन बरामद किया गया। पुलिस ने सभी सामग्री को विधिवत जब्त कर लिया। आरोपिया के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।