ग्राम विकास समिति उरला के अध्यक्ष छन्नू बंजारे का सम्मान, गांव के विकास पर हुई चर्चा

भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई चरोदा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उरला में ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष छन्नू बंजारे का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समाजसेवी रामकुमार साहू द्वारा उनका सम्मान करते हुए ग्राम के समग्र विकास और जनभागीदारी को लेकर चर्चा की गई। कार्यक्रम में जागृत दास बंजारे, उपाध्यक्ष सतनामी समाज अहिवारा विधानसभा, ने गांव की विभिन्न समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया और उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।

इस अवसर पर ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष छन्नू बंजारे ने कहा कि गांव के विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों को धरातल पर उतारने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और बढ़ती नशाखोरी पर नियंत्रण के साथ-साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं में ग्रामीणों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करना ग्राम विकास समिति का प्रमुख लक्ष्य रहेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठजनों और समाजसेवियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा ग्राम विकास से जुड़े मुद्दों पर सुझाव दिए। समारोह में ग्राम विकास समिति के कोषाध्यक्ष विष्णु देवांगन, प्रहलाद पटेल, श्यामरतन साहू, मणित पटेल, लक्ष्मण निर्मलकर, विपिन पाल, तहसील साहू संघ भिलाई-चरोदा के अध्यक्ष दीपक साहू, कथावाचक हरीश साहू, दीपक वर्मा, रविकांत मानिकपुरी, ओंकार साहू, चंद्रेश साहू तथा ग्राम विकास समिति के सचिव उत्तम निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ समाजसेवी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कथावाचक हरीश साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन रविकांत मानिकपुरी ने किया। समारोह का समापन ग्राम विकास और सामाजिक सहभागिता के संकल्प के साथ हुआ।
