अर्जुन नगर में फंदे पर लटका मिला युवक, पुलिस जांच में जुटी

अर्जुन नगर में फंदे पर लटका मिला युवक, पुलिस जांच में जुटी

भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के अर्जुन नगर में एक 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई शुरू कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान रूपेश वर्मा (25) के रूप में हुई है। वह टूर एंड ट्रेवल्स की गाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रूपेश पिछले कुछ समय से आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा था।

परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम करीब 5 बजे रूपेश रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकला था। कुछ देर बाद वह वापस लौटा और अपने कमरे में चला गया। काफी समय तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

वैशाली नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। पुलिस परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल किसी सुसाइड नोट की जानकारी सामने नहीं आई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।