हनोदा माइनर नहर क्षेत्र से वर्षों पुराने अतिक्रमण हटाए गए, प्रशासन का संयुक्त अभियान

हनोदा माइनर नहर क्षेत्र से वर्षों पुराने अतिक्रमण हटाए गए, प्रशासन का संयुक्त अभियान

दुर्ग। रिसाली नगर निगम क्षेत्र में हनोदा माइनर नहर और उससे लगी शासकीय भूमि पर वर्षों से किए गए अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर जल संसाधन विभाग और नगर पालिक निगम रिसाली की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर डीपीएस स्कूल से वीआईपी नगर तक नहर क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त कराया।

प्रशासन ने बताया कि कार्रवाई से पहले अतिक्रमणकर्ताओं को स्वेच्छा से कब्जा हटाने का पर्याप्त अवसर दिया गया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद संयुक्त दल ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।

अधिकारियों के अनुसार नहर और उससे जुड़ी शासकीय भूमि सार्वजनिक उपयोगिता की महत्वपूर्ण संपत्ति है। इन क्षेत्रों में अवैध कब्जे के कारण नहरों के रखरखाव, निरीक्षण और मरम्मत कार्यों में बाधा उत्पन्न होती है, जिससे जनहित प्रभावित होने की आशंका रहती है।

अभियान में रिसाली निगम के राजस्व अमले और जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यपालन अभियंता आशुतोष सारश्वत ने कहा कि विभागीय भूमि, नहरों और जल संरचनाओं पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसी गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।