रिश्वत मांगने के आरोप में दुर्ग के दो एसआई निलंबित
ड्रग्स केस में महिला को छोड़ने के लिए 50 हजार रुपये मांगने का ऑडियो वायरल, एसएसपी ने की कार्रवाई


भिलाई। दुर्ग जिले में रिश्वत मांगने के आरोप में दो सब इंस्पेक्टरों को निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर घूस मांगने का ऑडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने कार्रवाई करते हुए दोनों अधिकारियों को निलंबित कर रक्षित केंद्र दुर्ग से संबद्ध कर दिया है। जानकारी के अनुसार पुरानी भिलाई थाना में पदस्थ सब इंस्पेक्टर तुलसीराम साहू ने एक महिला को एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार किया था। आरोप है कि महिला को छोड़ने के एवज में उसकी बेटी से 50 हजार रुपये की मांग की गई थी।

मामले से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस विभाग ने प्रारंभिक जांच शुरू की। जांच में पुरानी भिलाई थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 288/2026 (एनडीपीएस एक्ट) से संबंधित मामले में आरोपी पक्ष से पैसों की मांग किए जाने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। प्रारंभिक जांच में पुरानी भिलाई में पदस्थ एसआई तुलसीराम साहू तथा खुर्सीपार थाना में पदस्थ एसआई देव लाल साहू की कथित मिलीभगत सामने आई।

जांच में पाया गया कि तुलसीराम साहू द्वारा रिश्वत की मांग की गई, जबकि देव लाल साहू ने भी इसमें सहयोग किया। विभागीय नियमों और पुलिस आचरण के विपरीत पाए जाने पर एसएसपी विजय अग्रवाल ने दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र दुर्ग अटैच कर दिया है। मामले की विभागीय जांच जारी है।
