स्कॉर्पियो में 385 लीटर अवैध डीजल की तस्करी, दो आरोपी गिरफ्तार


बलरामपुर। जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध डीजल तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 385 लीटर डीजल जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 39,655 रुपये बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 1 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG-16 CE-9790 में अवैध रूप से डीजल भरकर उत्तर प्रदेश के आसनडीह क्षेत्र से छत्तीसगढ़ के बसंतपुर की ओर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना बसंतपुर के सामने घेराबंदी कर एमसीपी कार्रवाई की गई।

इस दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में 11 जरीकनों में भरा कुल 385 लीटर डीजल बरामद हुआ। पूछताछ में वाहन चालक की पहचान गुल्लू कंजरिया (38 वर्ष) निवासी त्याही, थाना बसंतपुर तथा उसके साथी राहुल जायसवाल (22 वर्ष) निवासी मेढ़ारी, थाना बसंतपुर के रूप में हुई।

पुलिस ने अवैध डीजल को विधिवत जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। दोनों आरोपियों को 2 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- गुल्लू कंजरिया (38 वर्ष), निवासी त्याही, थाना बसंतपुर
- राहुल जायसवाल (22 वर्ष), निवासी मेढ़ारी, थाना बसंतपुर
जब्ती
- 385 लीटर अवैध डीजल
- 11 जरीकन
- स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG-16 CE-9790
